
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर कथित एसिड अटैक का मामला सामने आया है। आमापारा इलाके में लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्रा पर एक युवक ने कथित रूप से एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा झुलसने के साथ चेहरे और आंख के आसपास भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
जानकारी के मुताबिक छात्रा ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर वह आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौट रही थी।
इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी के पास एक युवक ने कथित रूप से छात्रा पर एसिड फेंक दिया।
एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन के कारण चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर मानते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हमले में छात्रा के शरीर के दाहिने हिस्से में झुलसने की चोटें आई हैं। चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।
हमले के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात में किस प्रकार के रसायन या एसिड का इस्तेमाल हुआ।
पुलिस आरोपी की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.