
राजनांदगांव। ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट के कॉटेज से एसी, फ्रिज, गीजर, साउंड बॉक्स सहित अन्य सामान चोरी होने के मामले में सोमनी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है। जब्त सामान एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2,58,900 रुपये बताई गई है।
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को शाम लगभग 3 बजे से 3 अक्टूबर 2026 को शाम लगभग 4 बजे के बीच ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट के कॉटेज नंबर 136, 129 और 131 से अज्ञात चोरों ने सामान चोरी कर लिया था।
चोरी गए सामान में 5 एसी, 2 फ्रिज, 1 साउंड बॉक्स, 4 गीजर, 3 नल और 1 सिलेंडर शामिल थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 78,900 रुपये बताई गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सोमनी में अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी की गई।
इसी दौरान पुलिस ने युवराज खुटेल उर्फ लोचन, पिता सुरेश खुटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, मुढ़ीपार, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवराज खुटेल ने अपने साथी मोहित लोहार, पिता चम्पालाल लोहार, उम्र 21 वर्ष, निवासी स्टेशन पारा, मुढ़ीपार, वार्ड क्रमांक 06 तथा रितिक वर्मा, पिता रूपचंद वर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम पंचपेड़ी, वार्ड क्रमांक 11, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता की जानकारी भी दी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 5 एसी, 2 फ्रिज, 4 गीजर, 2 नल तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 04 MA 5814 जब्त की है।
जब्त सामान एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2,58,900 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त पाए जाने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में अन्य फरार आरोपी की पतासाजी जारी है।
इस कार्रवाई में पीएसआई संजीत जायसवाल, प्रधान आरक्षक डूलेश्वर साहू, तोरण पटेल, बद्रीनाथ दिनकर तथा आरक्षक विनोद महिलांगे, भास्कर प्रधान, प्रदीप जायसवाल, ललित सिंह, लीलाराम साहू एवं तुषार मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना सोमनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान, रिसॉर्ट, फार्म हाउस एवं अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखें और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं।
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.